रांची
चाईबासा के सैकड़ों मजदूर तमिलनाडु में बंधक बना लिये गये हैं। मामले में सीएम हेमंत सोरेन ने चाईबासा उपायुक्त, उद्योग औऱ श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव और प्रवासी सेल, झारखंड को जांच के लिए कहा है। ये मजदूर अपने घर लौटने की गुहार लगा रहे हैं। मिली खबर के मुताबिक पश्चिमी सिंहभूम जिले के ये सैकड़ों मजदूर, कुछ दिन पहले तमिलनाडु की एक सूता और कपड़ा निर्माण कंपनी में काम करने गये थे। लेकिन उनको वहां बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। इनमें बड़ी संख्या में युवक और युवतियां शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर पीड़ित मजदूरों तक मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

मारपीट और उत्पीड़न की शिकायत
मजदूरों ने आरोप लगाया है कि कंपनी प्रबंधन और स्थानीय कर्मचारियों द्वारा उनके साथ मारपीट व उत्पीड़न किया जा रहा है। पीड़ितों के अनुसार, उन्हें पर्याप्त भोजन नहीं दिया जा रहा है। घर लौटने की बात करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है और जबरन रोके रखा जाता है। मजदूरों ने किसी तरह वीडियो संदेश के जरिए आपबीती बताई, जिसके बाद मामला उजागर हुआ।
